पूर्णिया : बिहार के पूर्णिया जिले के केनगर थाना क्षेत्र स्थित झुन्नी इस्तम्ब्रार पंचायत के वार्ड संख्या-8, हेम कॉलोनी मुसहरी में रविवार सुबह एक वृद्ध दंपति के शव घर के अंदर रस्सी के फंदे से लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।मृतकों की पहचान 62 वर्षीय गुलर ऋषि और उनकी 60 वर्षीय पत्नी मुनिया देवी के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही केनगर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनवी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस निरीक्षक और सीएफएस (फॉरेंसिक) टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया है।
बेटी ने बड़े भाई पर लगाया हत्या का आरोप
मृतक दंपति की पुत्री चम्पा देवी ने अपने बड़े भाई मनोज ऋषि पर माता-पिता की हत्या का आरोप लगाया है।चम्पा देवी का आरोप है कि उनका भाई अक्सर माता-पिता के साथ मारपीट करता था और उन्हें घर में नहीं रखता था। इसी कारण वृद्ध दंपति पिछले करीब एक महीने से उनके घर पर भोजन कर रहे थे।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शुक्रवार को जब वह अपने माता-पिता को अपने साथ ले जाने पहुंची थीं, तब मनोज ऋषि, उसकी पत्नी फूल कुमारी देवी, पुत्र श्रवण ऋषि और अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की थी।चम्पा देवी का दावा है कि उस दौरान मनोज ऋषि ने कथित रूप से कहा था कि “जब इन दोनों को मार देंगे, तब तुम लाश ले जाना।”
छोटे बेटे ने भी दी जानकारी
मृतक के छोटे पुत्र संजय ऋषि ने बताया कि वह शनिवार रात बालू ढुलाई के काम से बाहर गया हुआ था। रविवार सुबह लौटने पर उसने अपने माता-पिता के शव फंदे से लटके हुए देखे।परिजनों के अनुसार, वृद्ध दंपति पिछले करीब एक वर्ष से भीख मांगकर जीवनयापन कर रहे थे। आरोप है कि बड़ा बेटा गांव के लोगों से भी उन्हें भीख नहीं देने के लिए कहता था।
पुलिस बोली- पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
केनगर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनवी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
