महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 के पेपर लीक मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विशेष जांच दल गठित करने के निर्देश दिए हैं। इस एसआईटी की अध्यक्षता ठाणे के संयुक्त पुलिस आयुक्त पंजाबराव उगले करेंगे।मुख्यमंत्री ने स्कूल शिक्षा मंत्री दादा भुसे और पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते से चर्चा कर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
पेपर लीक मामले में तीन आरोपी हिरासत में
पेपर लीक मामले में पुलिस ने अब तक तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच के आदेश दिए हैं।पेपर लीक की घटना सामने आने के बाद 28 जून को आयोजित होने वाली महाराष्ट्र टेट परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है।
भिवंडी में पेपर बेचने पहुंचे थे आरोपी
ठाणे के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अशोक दुधे के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग रविवार को होने वाली टेट परीक्षा का प्रश्नपत्र बेचने के लिए भिवंडी के कोंगांव क्षेत्र में आने वाले हैं।सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर तीन संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
चार असली प्रश्नपत्र सहित कई सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से तलाशी के दौरान चार प्रश्नपत्र, मोबाइल फोन, डेबिट एवं क्रेडिट कार्ड और नकदी बरामद की।बाद में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने इन प्रश्नपत्रों की जांच कर पुष्टि की कि ये 28 जून को आयोजित होने वाली टेट परीक्षा के वास्तविक प्रश्नपत्र थे।
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पेपर लीक का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता है।अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अशोक दुधे ने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने परीक्षा की नई तारीख बाद में घोषित करने की बात कही
महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने भिवंडी पुलिस की जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर 28 जून को राज्य के 1,028 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली टेट परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया है। परिषद ने कहा है कि परीक्षा की नई तिथि बाद में घोषित की जाएगी।
