Jharkhand: भाजपा ने मनाया ‘संविधान हत्या दिवस’, आपातकाल को बताया लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जमशेदपुर महानगर की ओर से शनिवार को 1975 में लगाए गए आपातकाल के विरोध में ‘संविधान हत्या दिवस’ मनाया गया। बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन के मानस सभागार में महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित संगोष्ठी में आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय बताया गया। इस अवसर पर लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित कर उन्हें नमन किया गया।

लोकनायक जयप्रकाश नारायण को दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम का शुभारंभ संपूर्ण क्रांति के अग्रदूत लोकनायक जयप्रकाश नारायण के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। संगोष्ठी से पूर्व आपातकाल पर आधारित प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया गया।
इस दौरान लोकतंत्र सेनानी ब्रह्मदेव नारायण शर्मा, दिनेश मंडल, ललन सिंह और दयाशंकर पांडेय को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।

‘आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का सबसे कलंकित अध्याय’

मुख्य वक्ता एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि 25 जून 1975 की मध्यरात्रि में लगाया गया आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का सबसे कलंकित अध्याय था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय सत्ता बचाने के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं और नागरिकों के मौलिक अधिकारों को प्रभावित किया गया।उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान प्रेस पर सेंसरशिप लगाई गई, विपक्षी नेताओं और सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया तथा नागरिक स्वतंत्रताओं पर व्यापक प्रतिबंध लगाए गए।

‘युवा पीढ़ी को इतिहास की जानकारी होनी चाहिए’

महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि युवाओं को आपातकाल के इतिहास और उस दौर की घटनाओं की जानकारी होना आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों की पुनरावृत्ति न हो। इस अवसर पर लोकतंत्र सेनानी ब्रह्मदेव नारायण शर्मा ने भी आपातकाल के दौरान के अपने अनुभव साझा किए।

सांसद विद्युत वरण महतो ने कांग्रेस पर साधा निशाना

जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं को गंभीर क्षति पहुंची। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय विपक्षी नेताओं को जेल भेजा गया और नागरिक अधिकारों पर अंकुश लगाया गया।

प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने भी रखे विचार

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि देश ने विभिन्न कालखंडों में अनेक प्रकार की चुनौतियों का सामना किया है और आपातकाल का दौर भी लोकतांत्रिक इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय है, जिससे सीख लेने की आवश्यकता है।

कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में सांसद विद्युत वरण महतो, प्रदेश उपाध्यक्ष आभा महतो, पूर्व विधायक मेनका सरदार, जिला प्रभारी बबन गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष ब्रह्मदेव नारायण शर्मा सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी, लोकतंत्र सेनानी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Exit mobile version