Bihar INFACTBreakingNews

Bihar: राबड़ी देवी का 10 सर्कुलर रोड बंगला खाली होने की तैयारी, आवास से हटाए गए सीसीटीवी कैमरे

पटना। बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास को खाली करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। शुक्रवार को आवास से सीसीटीवी कैमरे हटा दिए गए। इससे पहले भी पिकअप वाहनों के जरिए बंगले से घरेलू सामान दूसरी जगह शिफ्ट किया जा चुका है। माना जा रहा है कि लालू परिवार जल्द ही यह सरकारी आवास पूरी तरह खाली कर देगा।

भवन निर्माण विभाग ने दिया था अंतिम नोटिस

बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग ने 22 जून को राबड़ी देवी को अंतिम नोटिस जारी करते हुए सात दिनों के भीतर बंगला खाली करने का निर्देश दिया था। विभाग ने स्पष्ट किया था कि निर्धारित अवधि में आवास खाली नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह बंगला पहले ही राज्य सरकार के मंत्री नंदकिशोर यादव को आवंटित किया जा चुका है।

नेता प्रतिपक्ष के लिए नया सरकारी आवास आवंटित

भवन निर्माण विभाग ने राबड़ी देवी को नेता प्रतिपक्ष के रूप में 39 हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी आवास आवंटित किया है। हालांकि, कई बार नोटिस मिलने के बावजूद उन्होंने अब तक 10 सर्कुलर रोड का आवास खाली नहीं किया था। विभाग इस महीने दो बार रिमाइंडर भी जारी कर चुका है।

नए आवास में मांगी गई विशेष सुविधाएं

राबड़ी देवी ने विभाग को पत्र लिखकर नए आवास में आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव के स्वास्थ्य को देखते हुए रैंप, लिफ्ट और आउटहाउस जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। इसके बाद विभाग ने नए आवास में आवश्यक निर्माण कार्य और रंग-रोगन का काम शुरू कर दिया है।

तेजस्वी यादव के आवास पर भेजा जा रहा सामान

पिछले कुछ दिनों से 10 सर्कुलर रोड स्थित बंगले से सामान लगातार शिफ्ट किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि कई सामान तेजस्वी यादव के सरकारी आवास और परिवार के अन्य निजी आवासों में भेजे गए हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि लालू परिवार इसी महीने के भीतर सरकारी बंगला पूरी तरह खाली कर देगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button