Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: गावां में स्कूटी की डिक्की से डेढ़ लाख रुपये की चोरी, बैंक से पीछा करने की आशंका

गिरिडीह: गावां थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक वृद्ध की स्कूटी की डिक्की से डेढ़ लाख रुपये उड़ा लिए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में एक बाइक पर सवार दो युवक संदिग्ध नजर आए हैं।

दो बैंकों से निकाले थे डेढ़ लाख रुपये

जानकारी के अनुसार, पसनौर निवासी जवाहर साव अपनी पत्नी के साथ स्कूटी से गावां पहुंचे थे। उन्होंने पहले बैंक ऑफ़ इंडिया से 50 हजार रुपये और इंडियन बैंक से 1 लाख रुपये की निकासी की। दोनों बैंकों से कुल 1.50 लाख रुपये निकालकर उन्होंने रकम स्कूटी की डिक्की में रख दी।

पेंशन निकालने गए, लौटे तो गायब थी रकम

इसके बाद दंपती पेंशन की राशि निकालने के लिए पोस्ट ऑफिस पहुंचे। पोस्ट ऑफिस के बाहर स्कूटी खड़ी कर दोनों अंदर चले गए। करीब 15 मिनट बाद वापस लौटने पर उन्हें किसी तरह की कोई आशंका नहीं हुई और वे स्कूटी लेकर वहां से निकल गए।

चाय दुकान पर खुला चोरी का राज

कुछ दूरी पर स्थित ग्रेसिया पब्लिक स्कूल के पास एक चाय दुकान पर पानी पीने के लिए रुकने के दौरान जवाहर साव की नजर स्कूटी की डिक्की के लॉक में लगी एक चाबी पर पड़ी। संदेह होने पर जब उन्होंने डिक्की खोलकर देखा तो उसमें रखे डेढ़ लाख रुपये गायब थे। साथ ही बैंक पासबुक, पैन कार्ड और आधार कार्ड भी नहीं मिले।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना तत्काल गावां थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी जय प्रकाश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज में दिखे दो संदिग्ध युवक

पुलिस ने पोस्ट ऑफिस और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। जांच के दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक संदिग्ध गतिविधियों में नजर आए हैं। पुलिस उनकी पहचान करने और उन्हें पकड़ने का प्रयास कर रही है।

बैंक से ही पीछा करने की आशंका

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि अपराधी बैंक से ही वृद्ध पर नजर रखे हुए थे। जैसे ही उन्होंने नकदी निकालकर स्कूटी की डिक्की में रखी और पोस्ट ऑफिस के अंदर गए, चोरों ने मौका पाकर डिक्की का लॉक खोल लिया और नकदी के साथ जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गए।

जल्द होगा मामले का खुलासा: पुलिस

थाना प्रभारी जय प्रकाश कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button