Bihar INFACTBreakingNews

Bihar: मुजफ्फरपुर में कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग, दहशत में घर छोड़कर बाहर निकले लोग

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में बुधवार देर रात एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना बैरिया गोलंबर के पास स्थित एक कबाड़ गोदाम में हुई, जहां आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
आग की ऊंची-ऊंची लपटें और घना धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि आसपास के अपार्टमेंट और मकानों में रहने वाले लोग अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

तीन जेसीबी मशीनें जलकर हुईं खाक

जानकारी के अनुसार, यह कबाड़ गोदाम मोहम्मद मुजाहिदीन का बताया जा रहा है। आग की चपेट में आकर गोदाम परिसर में खड़ी तीन जेसीबी मशीनें भी जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। इलाके में दहशत का माहौल बना रहा और लोग आग की भयावहता को देखते हुए चिंतित नजर आए।

चार जिलों से मंगानी पड़ी दमकल की गाड़ियां

आग इतनी भयंकर थी कि स्थानीय फायर ब्रिगेड के संसाधन कम पड़ गए। आग पर काबू पाने के लिए हाजीपुर, दरभंगा, समस्तीपुर समेत आसपास के जिलों से अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाया गया।फायर ब्रिगेड की टीमों ने लगातार कई घंटों तक मशक्कत की, जिसके बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।

एक दर्जन दमकल वाहनों ने संभाला मोर्चा

फायर अधिकारी आर.एन. पांडेय ने बताया कि कबाड़ गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक सामग्री रखी गई थी, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई।उन्होंने बताया कि शुरुआत में फायर स्टेशन से पांच बड़ी और तीन छोटी दमकल गाड़ियां भेजी गई थीं, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए अन्य जिलों से भी दमकल वाहन बुलाने पड़े। कुल मिलाकर करीब एक दर्जन दमकल गाड़ियों ने आग बुझाने के अभियान में हिस्सा लिया।

शॉर्ट सर्किट या सिगरेट से आग लगने की आशंका

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी व्यक्ति द्वारा सिगरेट पीकर फेंक देने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

समय रहते लोगों को सुरक्षित निकाला गया

राहत की बात यह रही कि समय रहते आसपास के लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अब तक किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं मिली है।हालांकि, आग से गोदाम और उसमें रखे सामान को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button