Jharkhand: झामुमो ने बैजनाथ राम को बनाया राज्यसभा उम्मीदवार, 8 जून को करेंगे नामांकन

रांची: झारखंड में आगामी राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी है। पार्टी ने केंद्रीय समिति के उपाध्यक्ष, पूर्व मंत्री और अनुसूचित जाति समाज के वरिष्ठ नेता बैजनाथ राम को राज्यसभा चुनाव के लिए अधिकृत उम्मीदवार बनाया है।झामुमो के महासचिव एवं मुख्य प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श और राजनीतिक परिस्थितियों का आकलन करने के बाद बैजनाथ राम के नाम पर अंतिम मुहर लगाई है।
मुख्यमंत्री को दिया गया था अंतिम निर्णय का अधिकार
सुप्रियो भट्टाचार्य ने बताया कि राज्यसभा उम्मीदवार चयन का अधिकार पहले ही पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सौंप दिया गया था। गठबंधन की स्थिति, विधानसभा में संख्याबल और भविष्य की राजनीतिक संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
8 जून को दाखिल करेंगे नामांकन
झामुमो उम्मीदवार बैजनाथ राम 8 जून को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। पार्टी को विश्वास है कि विधानसभा में उसके संख्याबल के आधार पर उनकी जीत सुनिश्चित है।
झामुमो के पास 34 विधायक
झारखंड विधानसभा में झामुमो के पास वर्तमान में 34 विधायक हैं। पार्टी का मानना है कि उसके पास राज्यसभा सीट जीतने के लिए पर्याप्त समर्थन मौजूद है। झारखंड से राज्यसभा की कुल छह सीटें हैं और मौजूदा राजनीतिक समीकरणों में प्रत्येक प्रमुख दल के लिए एक-एक सीट जीतना अपेक्षाकृत आसान माना जा रहा है।
कांग्रेस ने प्रणव झा को बनाया उम्मीदवार
इससे पहले कांग्रेस ने झारखंड से प्रणव झा को राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किया है। कांग्रेस संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी सूची में उनके नाम की घोषणा की गई। बोकारो से संबंध रखने वाले प्रणव झा वर्तमान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यालय में मीडिया एवं संचार संबंधी जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं।
गठबंधन की जीत का दावा
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि कांग्रेस और गठबंधन के सभी विधायक एकजुट हैं तथा राज्यसभा चुनाव में गठबंधन के दोनों उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि झामुमो द्वारा उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद भी गठबंधन पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में है।



