NewsUP INFACT

Uttar Pradesh: मऊ में करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत, पत्नी को बचाने के प्रयास में हुआ दर्दनाक हादसा

मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना रामपुर बेलौली थाना क्षेत्र के मोइद्दीनपुर स्थित प्यारेपुर मिश्र गांव की है, जहां घर के आंगन में लगे टुल्लू पंप में करंट उतरने से यह हादसा हुआ।

टुल्लू पंप में उतरा था करंट

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मीना देवी सुबह नहाने के लिए आंगन में लगे टुल्लू पंप के पास गई थीं। इसी दौरान पंप की कटी हुई केबल के कारण उसमें करंट प्रवाहित हो रहा था और वह उसकी चपेट में आ गईं।

पत्नी को बचाने दौड़े पति और बेटा

मीना देवी को करंट से चिपका देख उनके पति देवेंद्र मिश्रा (48 वर्ष) और पुत्र नीरज मिश्रा (26 वर्ष) उन्हें बचाने के लिए दौड़े। दोनों ने किसी तरह मीना देवी को करंट से अलग तो कर दिया, लेकिन इस दौरान वे खुद करंट की चपेट में आ गए।करंट का झटका इतना तेज था कि नीरज दूर जाकर गिर पड़ा, जिससे उसके सिर में भी गंभीर चोट लग गई।

ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना देने के साथ तीनों घायलों को तत्काल फतेहपुर मंडाव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

अस्पताल में पिता-पुत्र को मृत घोषित किया गया

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद देवेंद्र मिश्रा और नीरज मिश्रा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल मीना देवी की हालत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।गांव में एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button