
भोपाल: चर्चित ट्विशा डेथ केस में भोपाल की जिला अदालत ने मंगलवार को बड़ा फैसला सुनाते हुए पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को 16 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। यह आदेश सेशन जज शोभना भलावी की अदालत ने दिया।
सीबीआई रिमांड खत्म होने के बाद कोर्ट में पेशी
इससे पहले अदालत ने 29 मई को दोनों आरोपियों को पांच दिन की सीबीआई हिरासत में भेजा था। मंगलवार को रिमांड अवधि समाप्त होने पर दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
27 मई को हुई थी गिरिबाला सिंह की गिरफ्तारी
मामले की जांच कर रही सीबीआई ने 27 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित आवास पर सात घंटे से अधिक पूछताछ के बाद गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार किया था।गिरफ्तारी से पहले मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने उनकी अंतरिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद सीबीआई ने कार्रवाई की।
जबलपुर से पकड़ा गया था समर्थ सिंह
समर्थ सिंह को 22 मई को जबलपुर से गिरफ्तार किया गया था। ट्विशा शर्मा की मौत के बाद वह लगभग एक सप्ताह तक पुलिस की पकड़ से बाहर रहा था। 23 मई को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से पहले पुलिस हिरासत और बाद में सीबीआई रिमांड पर भेजा गया।
फॉरेंसिक जांच और घटनास्थल का निरीक्षण
सीबीआई ने रिमांड के दौरान समर्थ सिंह को कथित घटनास्थल कटारा हिल्स स्थित घर पर ले जाकर विस्तृत जांच की। जांच एजेंसी ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई तथा कई साक्ष्य एकत्र किए।अधिकारियों ने 12 मई की रात की घटनाओं को लेकर समर्थ सिंह से लंबी पूछताछ भी की।
क्या है मामला?
मृतका ट्विशा शर्मा कथित तौर पर अपने ससुराल स्थित घर में फंदे से लटकी हुई मिली थीं। घटना के बाद उनके परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न के आरोप लगाए थे।मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच बाद में सीबीआई को सौंप दी गई। फिलहाल एजेंसी सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



