Jharkhand: पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने 20 चोरी की बाइक-स्कूटी किया बरामद, दो वाहन चोर गिरफ्तार

चाईबासा/नोवामुंडी: पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने संयुक्त छापेमारी अभियान में 20 चोरी की मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की हैं। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत 25 से 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
गुप्त सूचना पर गठित हुई विशेष टीम
मंगलवार को नोवामुंडी थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस अधीक्षक पश्चिमी सिंहभूम को सूचना मिली थी कि एक वाहन चोर चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने के लिए नोवामुंडी क्षेत्र में सक्रिय है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बिनित कुमार किंडो के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
संयुक्त अभियान में मिली सफलता
इसी दौरान जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना की पुलिस भी वाहन चोरी के एक मामले में आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसके बाद नोवामुंडी, किरीबुरु, बड़ा जामदा और सिदगोड़ा थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया।छापेमारी के दौरान पूर्वी सिंहभूम के बिरसानगर निवासी सोनू लोहरा उर्फ भोला (20) को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर नोवामुंडी थाना क्षेत्र के डुकासाई गांव से पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।इसके बाद दूसरे आरोपी राज पुरती (23) की निशानदेही पर छोटानागरा थाना क्षेत्र के टोटोंगढ़ा गांव से नौ और किरीबुरु थाना क्षेत्र के टाटीबा बिरहोर टोला से छह मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
बरामद किए गए वाहन
पुलिस ने कुल 20 चोरी के वाहन जब्त किए हैं, जिनमें विभिन्न कंपनियों की बाइक और स्कूटी शामिल हैं। इनमें प्रमुख रूप से होंडा एक्टिवा,बजाज पल्सर,हीरो स्प्लेंडर,सुपर स्प्लेंडर,ग्लैमर,एचएफ डीलक्स,यामाहा आर-15,यामाहा एफजेड,फासिनो,फाइजर,
होंडा एविएटर,सीबी शाइन जैसे वाहन शामिल हैं।
आरोपियों को भेजा गया जेल
गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि चोरी के इन वाहनों का नेटवर्क किन-किन जिलों और राज्यों तक फैला हुआ है।
अभियान में शामिल रहे अधिकारी
इस कार्रवाई में एसडीपीओ किरीबुरु बिनित कुमार किंडो, पुलिस निरीक्षक बासुदेव मुंडा, नोवामुंडी थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह, किरीबुरु थाना प्रभारी रोहित कुमार, बड़ा जामदा ओपी प्रभारी बालेबर उरांव सहित नोवामुंडी, किरीबुरु, बड़ा जामदा एवं सिदगोड़ा थाना की पुलिस टीम और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वाहन चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



