नालंदा। बिहार के नालंदा जिले के परवलपुर थाना क्षेत्र स्थित सिनामा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ 20 वर्षीय विवाहिता सोनम कुमारी का शव उसके ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ मिला। इस घटना ने मध्य प्रदेश के चर्चित ‘ट्विशा शर्मा केस’ की यादें ताजा कर दी हैं।
दहेज के लिए हत्या का आरोप
मृतका के पिता, संजीत चौहान ने परवलपुर थाना में लिखित आवेदन देकर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का कहना है कि शादी के बाद से ही सोनम को दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।मांग पूरी न होने पर उसके साथ अक्सर मारपीट की जाती थी।परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है।
“दो दिन से खाना नहीं खाया मां…”
सोनम की मौत से पहले का दर्दनाक खुलासा करते हुए परिजनों ने बताया कि रविवार की सुबह उसने अपनी मां को फोन किया था। फोन पर सोनम रोते हुए कह रही थी कि ससुराल वाले उसकी बेरहमी से पिटाई कर रहे हैं। उसने बताया था कि प्रताड़ना के कारण उसने पिछले दो दिनों से अन्न का एक दाना भी नहीं चखा है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही परवलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि”मृतका के पिता के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।”इस वारदात के बाद सिनामा गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
