Bihar: राबड़ी देवी के आवास पहुंची पुलिस, सरकारी बंगला खाली कराने को लेकर बढ़ा सियासी विवाद

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के पटना स्थित सरकारी आवास पर शनिवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम पहुंची। यह घटनाक्रम उस बयान के कुछ घंटों बाद हुआ, जिसमें राबड़ी देवी ने साफ कहा था कि वह किसी भी कीमत पर 10 सर्कुलर रोड स्थित बंगला खाली नहीं करेंगी।इस घटनाक्रम के बाद बिहार की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है।
नोटिस के बाद आवास पहुंची पुलिस टीम
जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार ने बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को नया सरकारी आवास आवंटित किया है। इसके तहत उन्हें 39 हार्डिंग रोड स्थित आवास में स्थानांतरित होने का निर्देश दिया गया है।शनिवार दोपहर सचिवालय एसडीपीओ अनु कुमारी के नेतृत्व में पुलिस और भवन निर्माण विभाग के अधिकारी 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास पहुंचे। अधिकारियों ने राबड़ी देवी से मुलाकात कर उन्हें आवास संबंधी नियमों और सरकारी आदेशों की जानकारी दी तथा नए आवास में शिफ्ट होने का अनुरोध किया।
राबड़ी देवी ने कहा- बंगला खाली नहीं करेंगे
इससे पहले मीडिया से बातचीत में राबड़ी देवी ने कहा था कि वह बंगला खाली नहीं करेंगी। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को चुनौती देते हुए कहा कि चाहे पुलिस बल बुला लिया जाए, फिर भी वह आवास नहीं छोड़ेंगी।राबड़ी देवी और उनका परिवार पिछले लगभग दो दशकों से इस सरकारी आवास में रह रहा है।
मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित हुआ आवास
सरकार ने 10 सर्कुलर रोड स्थित बंगला मंत्री नन्द किशोर राम को आवंटित कर दिया है। इसी के तहत भवन निर्माण विभाग ने राबड़ी देवी को आवास खाली करने के लिए नोटिस जारी किया था।बताया जा रहा है कि नवंबर 2025 में सरकार ने नेता प्रतिपक्ष के रूप में राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड स्थित आवास आवंटित किया था, लेकिन अब तक उन्होंने वहां स्थानांतरण नहीं किया है।
आरजेडी ने उठाए सवाल
राजद ने इस कार्रवाई का विरोध किया है। पार्टी प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने कहा कि यह केवल आवास का मामला नहीं बल्कि लोकतांत्रिक परंपराओं और मर्यादाओं से जुड़ा मुद्दा है।आरजेडी का कहना है कि राबड़ी देवी पूर्व मुख्यमंत्री होने के साथ-साथ वर्तमान में विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष भी हैं, ऐसे में सरकार को इस मामले में संवेदनशीलता दिखानी चाहिए।
भाजपा का पलटवार
वहीं बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरोगी ने कहा कि सरकारी आवास किसी व्यक्ति या परिवार की निजी संपत्ति नहीं होता। उन्होंने कहा कि कानून और नियम सभी पर समान रूप से लागू होते हैं तथा किसी को भी सरकारी आदेशों की अवहेलना करने का अधिकार नहीं है।
पटना में नहीं हैं लालू यादव
राबड़ी देवी के पति और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव फिलहाल स्वास्थ्य जांच के लिए सिंगापुर गए हुए हैं। ऐसे में पूरे घटनाक्रम पर राजनीतिक दलों और समर्थकों की नजर बनी हुई है।



