हाजीपुर: वैशाली जिले के हाजीपुर में पति और पत्नी के बीच का एक बेहद चौंकाने वाला पारिवारिक विवाद सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पति का आरोप है कि उसकी पत्नी, जो अब एक सरकारी शिक्षिका है, ने बीपीएससी परीक्षा पास करने और शिक्षिका बनने के बाद उसे और अपने 10 साल के बेटे को छोड़ दिया है।
जमीन बेचकर पत्नी को पढ़ाया, अब छोड़ने का आरोप
पीड़ित पति अमन कुमार, जो पेशे से एक फोटोग्राफर है, ने दावा किया है कि उसने अपनी पत्नी को पढ़ाने-लिखाने के लिए अपनी पुश्तैनी जमीन तक बेच दी थी। अमन के अनुसार, 2013 में शादी के बाद उसने अपनी पत्नी का ग्रेजुएशन, बीएड और ब्यूटीशियन कोर्स करवाया ताकि वह अपने पैरों पर खड़ी हो सके। उसका आरोप है कि पत्नी के बीपीएससी शिक्षिका बनने के बाद उसके व्यवहार में अचानक बदलाव आ गया और उसने पति-बेटे को त्याग दिया।
ट्रेनिंग के दौरान शुरू हुआ अफेयर
अमन का कहना है कि जनवरी 2024 में बीपीएससी टीआरई 2 का रिजल्ट आने के बाद उसकी पत्नी की एक महीने की ट्रेनिंग सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज में हुई। पति का दावा है कि उसी दौरान पत्नी की मुलाकात प्रेम प्रकाश जयवाल नामक व्यक्ति से हुई, जिससे उसका प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। पति ने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी अपने प्रेमी के साथ दार्जिलिंग भी घूमने गई थी।
बेटे की आपबीती: “मम्मी मारती थी और अंकल को मामा बताती थी”
इस पूरे घटनाक्रम में पति-पत्नी के 10 वर्षीय बेटे का बयान बेहद भावुक और चौंकाने वाला है। बच्चे का आरोप है कि उसकी मां उसे मारती-पीटती थी। बच्चे ने बताया कि उसके घर पर एक अंकल आते थे, जिन्हें मम्मी ‘दोस्त’ कहती थी, लेकिन उसने मम्मी के कहने पर ही उन्हें ‘मामा’ कहकर संबोधित किया था। बच्चे ने यह पूरी सच्चाई अपने पिता को बता दी थी।
किराये के घर में आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा
अमन कुमार ने बताया कि जब वह हाजीपुर स्थित लिच्छवी नगर के किराये के मकान में पहुंचा, तो उसने पत्नी को उसके कथित प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया। पति ने दरवाजा बंद कर तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन मकान मालिक और वहां मौजूद लोगों ने उसे धमकी देकर भगा दिया और प्रेमी को वहां से निकाल दिया।
पुलिस ने मामले को कराया शांत
मौके पर पहुंची पुलिस के सामने मोहल्ले में काफी हंगामा हुआ। पति और पत्नी के बीच सड़क पर ही बहसबाजी हुई, जिसमें पत्नी ने पुलिस से भी तीखी नोकझोंक की। चूंकि पति-पत्नी के बीच पहले से ही कोर्ट में मामला विचाराधीन है, इसलिए हाजीपुर सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी। पति का कहना है कि अब वह किसी भी हाल में अपनी पत्नी के साथ नहीं रहना चाहता है।
