
उत्तर प्रदेश के एटा जिले के नगला हिमांचल गांव में मंगलवार को एक युवक ने फेसबुक लाइव आकर अपने बेटे के साथ आत्महत्या करने का प्रयास किया। युवक ने लाइव वीडियो में वर्तमान और तत्कालीन थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए।हालांकि स्थानीय लोगों के समझाने-बुझाने के बाद युवक कमरे से बाहर आ गया। बाद में पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई।
पत्नी की मौत के बाद जेल गया था युवक
जानकारी के अनुसार नगला हिमांचल निवासी राहुल की पत्नी ने पिछले साल 9 नवंबर को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।मृतका के पिता की शिकायत पर राहुल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद मिरहची पुलिस ने 29 दिसंबर को उसे जेल भेज दिया था। राहुल 4 अप्रैल को जेल से जमानत पर बाहर आया था।
ससुराल पक्ष पर मारपीट का आरोप
मंगलवार को राहुल ने अपने ससुरालीजनों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद वह गांव पहुंचा और खुद को कमरे में बंद कर बेटे के साथ आत्महत्या करने की कोशिश करने लगा।राहुल ने आरोप लगाया कि उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की, प्राइवेट पार्ट पर चोट पहुंचाई और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया।
पुलिस पर रिश्वत लेने का आरोप
फेसबुक लाइव के दौरान राहुल ने आरोप लगाया कि वर्तमान एसओ नीतू वर्मा, तत्कालीन एसओ कपिल कुमार नैन समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने मामले में सही कार्रवाई नहीं की।उसने यह भी आरोप लगाया कि एक दरोगा और सिपाही ने उससे 3 लाख रुपये से ज्यादा ले लिए, लेकिन फिर भी न्याय नहीं मिला।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
मामले में राहुल की शिकायत पर मिरहची पुलिस ने ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।श्वेताव पांडेय ने बताया कि युवक की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।



