Jharkhand :एमजीएम मेडिकल कॉलेज में सोलर पैनल की बैटरी में लगी आग , हादसा टला

जमशेदपुर: एमजीएम मेडिकल कॉलेज में मंगलवार दोपहर बाद अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि मेडिकल कॉलेज की लाइब्रेरी के नीचे लगे सोलर पैनल की बैटरी में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी।
सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
घटना के समय वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही कॉलेज परिसर में कर्मचारियों और अधिकारियों की भीड़ जुट गई।स्थिति को गंभीर होता देख कर्मचारियों ने आग बुझाने वाले सिलेंडर यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) का इस्तेमाल कर आग पर काबू पा लिया।
तार में शॉर्ट सर्किट से लगी आग
सूत्रों के अनुसार मेडिकल कॉलेज की छत पर सोलर पैनल लगाए गए हैं, जबकि उनकी बैटरियां नीचे स्थापित थीं। बैटरी से जुड़े तारों में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से आग लग गई।समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जांच में जुटे संबंधित अधिकारी
घटना के बाद संबंधित अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं। तकनीकी टीम से शॉर्ट सर्किट के कारणों की जांच कराई जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।



