पटना: बिहार की राजनीति में विधानसभा चुनाव के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। आरजेडी से निष्कासित नेता रितु जायसवाल ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
रितु जायसवाल पहले राजद महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष रह चुकी हैं और शिवहर लोकसभा सीट से आरजेडी के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुकी हैं।
परिहार सीट से टिकट नहीं मिलने पर बढ़ी नाराजगी
रितु जायसवाल लंबे समय तक आरजेडी का चर्चित चेहरा रही हैं। उन्हें “मुखिया दीदी” के नाम से भी जाना जाता है। लेकिन 2025 बिहार विधानसभा चुनाव में परिहार सीट से टिकट नहीं मिलने के बाद उनकी नाराजगी खुलकर सामने आई।टिकट कटने से नाराज होकर उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोप में आरजेडी ने उन्हें 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया था।
बीजेपी जॉइन करने के बाद पीएम मोदी की तारीफ
बीजेपी में शामिल होने के बाद रितु जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की योजनाओं की जमकर तारीफ की।उन्होंने कहा, “बीजेपी राष्ट्र को सबसे ऊपर रखती है। प्रधानमंत्री देश के लिए अच्छा काम कर रहे हैं। उनकी योजनाएं अंतिम पंक्ति तक पहुंच रही हैं।”
तेजस्वी यादव पर बोला हमला
रितु जायसवाल ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं से प्रभावित होकर ही उन्होंने बीजेपी जॉइन करने का फैसला लिया है।रितु ने कहा, “मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की योजनाओं से काफी खुश हूं। इसी वजह से मैंने भाजपा की सदस्यता ली है।”
