कोलकाता : अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास पर सोमवार को पुलिस पहुंची। उनके घर के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई कोलकाता नगर निगम की ओर से जारी नोटिस के बाद की गई है।
अवैध निर्माण को लेकर जारी हुआ था नोटिस
जानकारी के अनुसार, अभिषेक बनर्जी के 188ए हरीश मुखर्जी रोड स्थित आवास को लेकर अवैध निर्माण का नोटिस जारी किया गया था। इसी सिलसिले में कोलकाता पुलिस की टीम उनके घर पहुंची।
सीसीटीवी और सुरक्षा उपकरण हटाने पहुंची पुलिस
बताया जा रहा है कि बनर्जी के घर में कई सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के लिए तीन टीवी सेट लगाए गए थे। इसके अलावा सुरक्षा से जुड़े अन्य उपकरण भी मौजूद थे।कोलकाता पुलिस की टीम सोमवार को इन उपकरणों को हटाने और खोलने की प्रक्रिया के लिए मौके पर पहुंची।
17 प्रॉपर्टीज को लेकर जारी किए गए थे नोटिस
सूत्रों के मुताबिक कोलकाता नगर निगम ने अभिषेक बनर्जी की कथित तौर पर स्वामित्व वाली या सह-स्वामित्व वाली 17 संपत्तियों को लेकर जांच शुरू की थी।इसी क्रम में कई प्रॉपर्टीज को नोटिस जारी किए गए थे।
नोटिस का जवाब देने के लिए मांगा था समय
अभिषेक बनर्जी ने कथित अवैध निर्माण से जुड़े नोटिस के जवाब में अधिकारियों को पत्र लिखकर जवाब दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा था।इस पूरे घटनाक्रम के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
