Bihar: पटना हाईकोर्ट को मिलेगी नई मुख्य न्यायाधीश, मीनाक्षी एम राय बनेंगी चीफ जस्टिस

पटना: पटना हाईकोर्ट को जल्द ही नई मुख्य न्यायाधीश मिलने जा रही हैं। मीनाक्षी एम राय पटना उच्च न्यायालय की नई चीफ जस्टिस होंगी। वह इससे पहले सिक्किम हाईकोर्ट में जज के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं और वहां पहली महिला जज बनने का गौरव भी हासिल कर चुकी हैं।
सिक्किम के पूर्व गृह सचिव के परिवार से संबंध
मीनाक्षी एम राय का जन्म 12 जुलाई 1964 को सिक्किम के पूर्व गृह सचिव के परिवार में हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद वर्ष 1980 में दसवीं पास की और इंटरमीडिएट में दाखिला लिया। मार्च 1983 में बारहवीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उन्होंने दिल्ली के प्रतिष्ठित लेडी श्रीराम कॉलेज से राजनीति शास्त्र में स्नातक किया।
दिल्ली से की कानून की पढ़ाई
स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद मीनाक्षी एम राय ने दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस लॉ सेंटर से कानून की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली बार काउंसिल में अपना नामांकन कराया और वकालत की शुरुआत की।
दिल्ली हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में की प्रैक्टिस
कानून की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस शुरू की। अपने कानूनी अनुभव और कार्यशैली के दम पर उन्होंने न्यायिक क्षेत्र में अलग पहचान बनाई।
1990 में बनीं न्यायिक मजिस्ट्रेट
मीनाक्षी एम राय 11 दिसंबर 1990 को सिक्किम में न्यायिक मजिस्ट्रेट के पद पर नियुक्त हुई थीं। इसके बाद उन्होंने न्यायिक सेवा में लगातार महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।
2015 में बनीं सिक्किम हाईकोर्ट की पहली महिला जज
15 अप्रैल 2015 को मीनाक्षी एम राय को सिक्किम हाईकोर्ट की पहली महिला जज नियुक्त किया गया था। अब उन्हें पटना हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी मिलने जा रही है, जिसे न्यायिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण नियुक्ति माना जा रहा है।



