स्पोर्ट्स डेस्क: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के खत्म होते ही भारतीय क्रिकेट टीम अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में व्यस्त नजर आएगी। टीम इंडिया जून में अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट और तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी।इसके लिए 19 मई को गुवाहाटी में चयन समिति की बैठक हुई, जिसमें टेस्ट और ओडीआई दोनों टीमों का ऐलान किया गया।
6 जून से शुरू होगा टेस्ट मैच
भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच 6 जून से न्यू चंडीगढ़ (मुल्लांपुर) में खेला जाएगा। इसके लिए 14 सदस्यीय भारतीय टीम घोषित की गई है।गौरतलब है कि 2018 के बाद यह पहला मौका होगा जब अफगानिस्तान भारत के खिलाफ टेस्ट मैच खेलेगा। इससे पहले बेंगलुरु में खेले गए मुकाबले में भारत ने अफगानिस्तान को एक पारी और 262 रन से हराया था।
ओडीआई टीम में रोहित और विराट की वापसी
अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली को शामिल किया गया है।हालांकि विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को ओडीआई टीम से बाहर कर दिया गया है। वहीं टेस्ट टीम में वह अपनी जगह बचाने में सफल रहे हैं।
केएल राहुल बने टेस्ट टीम के उपकप्तान
केएल राहुल को टेस्ट टीम का उपकप्तान बनाया गया है। इससे पहले यह जिम्मेदारी ऋषभ पंत के पास थी।वहीं स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को एक बार फिर टीम में जगह नहीं मिली। चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर ने कहा कि शमी के नाम पर चर्चा तक नहीं हुई।
जसप्रीत बुमराह को दिया गया आराम
जसप्रीत बुमराह को पूरी सीरीज से आराम दिया गया है ताकि इंग्लैंड दौरे से पहले उनके वर्कलोड को मैनेज किया जा सके।
नए खिलाड़ियों को मिला मौका
इस सीरीज में कई नए चेहरों को मौका दिया गया है।
मानव सुथार को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है।गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे को टेस्ट और ओडीआई दोनों टीमों में जगह मिली है।प्रिंस यादव को पहली बार वनडे टीम में शामिल किया गया है।
अफगानिस्तान दौरे का पूरा शेड्यूल
6 जून – पहला टेस्ट, न्यू चंडीगढ़ (सुबह 9:30 बजे)
14 जून – पहला ओडीआई, धर्मशाला (दोपहर 1:30 बजे)
17 जून – दूसरा ओडीआई, लखनऊ (दोपहर 1:30 बजे)
20 जून – तीसरा ओडीआई, चेन्नई (दोपहर 1:30 बजे)
टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे और ध्रुव जुरेल।
ओडीआई सीरीज के लिए भारतीय टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, नितीश रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे।
