सिमडेगा। झारखंड के सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपों से जुड़े मामले में पुलिस ने एक और कार्रवाई की है। पीड़ित किशोरी को कथित तौर पर डराने-धमकाने और विधायक के खिलाफ गलत गवाही देने का दबाव बनाने के आरोप में दिलीप तिर्की को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसे रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र स्थित जोन्हा जंगल से पकड़ा है। इस मामले में एक नाबालिग का नाम भी सामने आया है।
दिलीप तिर्की और पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ प्राथमिकी
डीएसपी मुख्यालय रणवीर सिंह ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सिमडेगा के पाकरटांड थाना में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर दिलीप तिर्की के खिलाफ कार्रवाई की गई है। मामले में नामजद दूसरे आरोपी पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।पुलिस के अनुसार, पीड़ित किशोरी के दादा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि किशोरी को अगवा कर डराया-धमकाया गया और विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ गलत बयान देने के लिए दबाव बनाया गया। इसी शिकायत के आधार पर दिलीप तिर्की और पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
13 नवंबर को विधायक भूषण बाड़ा समेत तीन लोगों पर दर्ज हुई थी प्राथमिकी
इस मामले में 13 नवंबर को नाबालिग ने रांची के विधानसभा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें विधायक भूषण बाड़ा, उनकी बहन एमा बाड़ा और विधायक की पत्नी जोसिमा खाखा के खिलाफ पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कराया गया था।फिलहाल पीड़ित किशोरी चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी) के संरक्षण में है।
किशोरी के बयान को लेकर भी चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, किशोरी ने बाल संरक्षण आयोग और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 183 के तहत न्यायालय में दर्ज बयान के दौरान पहले दिए गए बयान से अलग बातें कही हैं। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मामले को लेकर तेज हुई सियासी बयानबाजी
विधायक भूषण बाड़ा इस पूरे मामले को अपने खिलाफ बड़ी साजिश बता रहे हैं। भाजपा और जेएलकेएम इस मुद्दे पर कांग्रेस विधायक को घेर रहे हैं। वहीं, कांग्रेस के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं ने भी मामले को साजिश के नजरिए से देखने की बात कही है।कांग्रेस और झामुमो के विधायकों का कहना है कि पुलिस जांच पूरी होने से पहले किसी को दोषी करार देना उचित नहीं है। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
