Uttar Pradesh: लखनऊ में पानी की टंकी पर चढ़ी महिला, पति को बुलाने के बाद चार घंटे में उतरी नीचे

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार को एक महिला ने पति से विवाद के बाद पानी की टंकी पर चढ़कर हंगामा कर दिया। महिला करीब चार घंटे तक टंकी पर बैठी रही और कूदने की धमकी देती रही। पुलिस और स्थानीय लोगों के काफी समझाने के बाद भी वह नहीं मानी। आखिरकार पति के मौके पर पहुंचने के बाद महिला नीचे उतरी।

प्रेम विवाह के बाद हुआ विवाद

गोमतीनगर थाना के इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र त्रिपाठी के मुताबिक 22 वर्षीय प्रीति अयोध्या जिले के खंडासा क्षेत्र की रहने वाली है। कुछ महीने पहले उसने लखीमपुर खीरी के निघासन निवासी अनुराग से प्रेम विवाह किया था।बताया गया कि अनुराग एक निजी कंपनी में नौकरी करता है और पत्नी के साथ गोमतीनगर के विनीतखंड इलाके में रह रहा था। करीब एक सप्ताह पहले दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद अनुराग बिना बताए घर छोड़कर चला गया।

पति से संपर्क नहीं होने पर उठाया कदम

प्रीति लगातार पति से संपर्क करने की कोशिश कर रही थी, लेकिन अनुराग फोन रिसीव नहीं कर रहा था। इससे नाराज होकर रविवार सुबह वह विनीतखंड-5 स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई और वहां से कूदने की धमकी देने लगी।

पुलिस और फायर टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सुशील कुमार यादव समेत फायर विभाग के कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे। स्थानीय लोग भी महिला को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई।

पति के आने पर मानी महिला

बातचीत के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने महिला के पति अनुराग से संपर्क किया और उसे मौके पर बुलाया। पति के पहुंचने के बाद करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद महिला टंकी से नीचे उतरी।

दोनों परिवारों की कराई गई काउंसिलिंग

पुलिस ने दोनों पक्षों के परिवार वालों को थाने बुलाया और उनकी काउंसिलिंग कराई। समझाने-बुझाने के बाद लिखापढ़ी और वीडियोग्राफी के साथ दोनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

Exit mobile version