Maharashtra: बकरीद से पहले मुंबई में खुले में कुर्बानी पर सियासत तेज, किरीट सोमैया ने प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग

मुंबई। बकरीद के त्योहार से पहले मुंबई में खुले में कुर्बानी को लेकर राजनीति तेज हो गई है। किरीट सोमैया ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि हाउसिंग सोसायटियों, चालों और सार्वजनिक स्थानों पर खुले में होने वाली बकरियों की कुर्बानी पर सख्त कार्रवाई की जाए।

मेयर को लिखा पत्र

भाजपा नेता किरीट सोमैया ने इस संबंध में मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े को पत्र लिखा है। उन्होंने इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा कर दी।

पत्र में सोमैया ने कहा कि बकरीद के दौरान कुछ स्थानों पर खुले में नियमों का उल्लंघन करते हुए बकरियों की कुर्बानी दी जाती है, जबकि नगर निगम और अदालत द्वारा इस संबंध में पहले से दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं।

कानून के पालन की मांग

अपने पत्र में सोमैया ने कहा कि मुंबई में किसी भी रिहायशी इलाके या बस्ती के पास पशु वध की अनुमति नहीं है। उन्होंने मांग की कि नगर निगम सभी वार्ड कार्यालयों और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी करे ताकि नियमों का कड़ाई से पालन कराया जा सके।उन्होंने प्रशासन से अपील की कि बकरीद से पहले ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं और खुले में कुर्बानी रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

बकरीद को लेकर बढ़ी हलचल

बताया जा रहा है कि इस वर्ष बकरीद 27 मई 2026 को मनाई जा सकती है, हालांकि अंतिम तारीख चांद दिखने पर निर्भर करेगी। त्योहार नजदीक आते ही यह मुद्दा एक बार फिर सार्वजनिक और राजनीतिक चर्चा का केंद्र बन गया है।अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका और स्थानीय प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।

Exit mobile version