Bihar: टी20 वर्ल्ड कप विजेता ईशान किशन को बिहार सरकार का बड़ा सम्मान, मिले 1 करोड़ रुपये

पटना। भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को बिहार सरकार ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया है। शुक्रवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राजधानी पटना में आयोजित कार्यक्रम में ईशान किशन को 1 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि का चेक सौंपा।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया सम्मानित

पटना में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि ईशान किशन ने विश्व कप में अपने शानदार प्रदर्शन से पूरे बिहार और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने ईशान के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बिहार के युवा खिलाड़ी अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं।इस अवसर पर बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और वरिष्ठ अधिकारी दीपक कुमार भी मौजूद रहे।

सोशल मीडिया पर साझा की तस्वीर

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर ईशान किशन के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि बिहार के लाल ने अपने दमदार खेल से पूरे राज्य को गौरवान्वित किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ईशान आगे भी भारतीय क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी का जलवा कायम रखेंगे।

बिहार क्रिकेट को मिल रही नई पहचान

इन दिनों बिहार के युवा क्रिकेटरों का प्रदर्शन राष्ट्रीय स्तर पर लगातार चर्चा में है। ईशान किशन से पहले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी बिहार सरकार सम्मानित कर चुकी है। तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वैभव सूर्यवंशी को उनकी प्रतिभा के लिए 50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी थी।बिहार क्रिकेट अब नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है और राज्य के युवा खिलाड़ी देशभर में अपनी पहचान बना रहे हैं।

Exit mobile version