उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बुधवार रात आए तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश ने भारी तबाही मचाई। अलग-अलग जिलों में दीवार गिरने, पेड़ उखड़ने और मकान ढहने की घटनाओं में अब तक 20 लोगों की मौत की खबर है। कई लोग घायल भी हुए हैं। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
फतेहपुर में 9 लोगों की मौत
फतेहपुर जिले में तेज आंधी और तूफान के कारण कई जगहों पर भारी नुकसान हुआ। बिल्डिंग और कच्चे मकानों की दीवारें गिरने से 9 लोगों की मौत हो गई।प्रशासन की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
भदोही में बारिश और तूफान से 6 की मौत
भदोही में बुधवार को भारी बारिश के साथ आए शक्तिशाली तूफान ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। इस दौरान कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई।अपर जिला मजिस्ट्रेट कुंवर वीरेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि कई इलाकों में पेड़ जड़ से उखड़ गए हैं और बिजली के खंभे गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। कई घरों पर पेड़ गिरने से भी नुकसान हुआ है।
मोबाइल नेटवर्क बाधित, राहत कार्य प्रभावित
प्रशासन के अनुसार तूफान के बाद मोबाइल नेटवर्क बाधित हो गया, जिससे राहत और बचाव कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।उप-जिलाधिकारी, तहसीलदार और पुलिस बल की टीमों को जिले की तीनों तहसीलों में राहत और निरीक्षण कार्य में लगाया गया है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
बदायूं में दो बच्चियों समेत 5 लोगों की मौत
बदायूं में भी धूल भरी आंधी और बारिश के दौरान हुई अलग-अलग घटनाओं में दो नाबालिग लड़कियों समेत 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
दीवार गिरने से मलबे में दबे लोग
बिसौली थाना क्षेत्र के सिद्धपुर कैथोली गांव में तूफान के दौरान एक कच्चे मकान की दीवार गिर गई। हादसे में मौसमी (10) और रजनी (9) नाम की दो बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई।बताया गया कि तेज आंधी के दौरान दोनों बच्चियां और दो महिलाएं—कल्लो और नेहा—सुरक्षित जगह की तलाश में वहां रुकी थीं। इसी दौरान दीवार गिरने से चारों मलबे में दब गए। महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
प्रदेश के कई जिलों में प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है। स्थानीय प्रशासन लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील कर रहा है।
