Bihar INFACTBreakingNews

Bihar: सीतामढ़ी में 11 वर्षीय बच्ची से सरेराह दुष्कर्म, कई जगह आगजनी और सड़क जाम

सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी जिले में 11 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और जिले के कई इलाकों में उग्र प्रदर्शन शुरू हो गया। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध जताया तथा कई जगह टायर जलाए गए। कुछ स्थानों पर सब्जी और फलों के ठेलों में आग लगाने की भी सूचना है।

नानी के घर जाते समय वारदात

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात बच्ची अपनी नानी के घर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक युवक ने उसे अकेला पाकर कथित रूप से दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी नशे की हालत में था। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।

चार घंटे तक तनाव और अराजकता

घटना की जानकारी फैलते ही इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। बुधवार सुबह बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और मुख्य मार्गों को जाम कर दिया। कई जगहों पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया गया। उग्र भीड़ द्वारा कुछ सब्जी और फलों के ठेलों में आग लगाए जाने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। करीब चार घंटे तक शहर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

पुलिस बल तैनात, हालात नियंत्रित करने की कोशिश

स्थिति बिगड़ते देख प्रशासन ने भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर हालात सामान्य करने का प्रयास किया। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

पीड़िता का इलाज जारी, आरोपी की तलाश तेज

पुलिस ने पीड़िता को तत्काल अस्पताल भेजकर चिकित्सीय जांच कराई है। घटनास्थल से अहम साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर विशेष जांच टीम का गठन किया गया है।पुलिस के अनुसार, सदर एसडीपीओ-1 राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित एसआईटी आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। आरोपी घटना के बाद घर छोड़कर फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

आरोपी पीड़ित परिवार का परिचित

पुलिस द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि आरोपी पीड़ित पक्ष का परिचित बताया जा रहा है। प्रशासन ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button