Maharashtra INFACTNews

Maharashtra: महाराष्ट्र के सांगली में बड़ा हादसा, मंदिर की दीवार गिरने से 6 श्रद्धालुओं की मौत

सांगली : सांगली जिले में तेज बारिश और आंधी के बीच बड़ा हादसा हो गया। जठ तहसील के मोटेवाड़ी गांव स्थित मार्गूदेवी मंदिर परिसर की दीवार और टिन शेड गिरने से 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

तेज आंधी और बारिश के बीच हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम इलाके में अचानक तेज आंधी के साथ भारी बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर की एक दीवार और टिन की चादरों के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान दीवार और टिन शेड भरभराकर गिर गए, जिससे कई लोग मलबे में दब गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

मंदिर परिसर में मौजूद थे करीब 350 श्रद्धालु

सांगली के पुलिस अधीक्षक तुषार दोषी ने बताया कि हादसे के समय मंदिर परिसर में करीब 350 श्रद्धालु मौजूद थे। मंगलवार होने के कारण मंदिर में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक भीड़ थी।उन्होंने बताया कि हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 से 14 लोग घायल हुए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

राहत और बचाव कार्य जारी

हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। मलबा हटाने और घायलों को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button