Delhi: नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द, पेपर लीक मामले में एनटीए का बड़ा फैसला

एनटीए ने नीट यूजी 2026 परीक्षा को रद्द करने का बड़ा फैसला लिया है। 3 मई 2026 को आयोजित हुई इस मेडिकल प्रवेश परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों और जांच एजेंसियों की रिपोर्ट के बाद रद्द किया गया है। एजेंसी ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और छात्रों का भरोसा बनाए रखने के लिए दोबारा परीक्षा कराई जाएगी।

जल्द जारी होगी नई परीक्षा तारीख

एनटीए के अनुसार नई परीक्षा तिथि और एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट और चैनलों के माध्यम से जारी की जाएगी। एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों से सोशल मीडिया पर चल रही अपुष्ट खबरों से बचने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।

सीबीआई को सौंपी गई जांच

पेपर लीक मामले की जांच केंद्र सरकार ने सीबीआई को सौंप दी है। एनटीए ने कहा है कि वह जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग देगा और सभी जरूरी दस्तावेज तथा रिकॉर्ड उपलब्ध कराएगा।

दोबारा रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं

एनटीए ने स्पष्ट किया है कि मई 2026 परीक्षा के लिए किया गया रजिस्ट्रेशन, उम्मीदवारों का डेटा और चुने गए परीक्षा केंद्र दोबारा होने वाली परीक्षा में भी मान्य रहेंगे। छात्रों को नया आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी और उनसे अतिरिक्त परीक्षा शुल्क भी नहीं लिया जाएगा।

जयपुर से युवक हिरासत में

सूत्रों के अनुसार राजस्थान में पेपर लीक मामले की जांच के दौरान जयपुर से मनीष नाम के युवक को हिरासत में लिया गया है। जांच एजेंसियों को शक है कि प्रश्नपत्र जयपुर की एक प्रिंटिंग प्रेस से लीक हुआ था। राजस्थान एसओजी इस मामले की जांच कर रही है।

छात्रों और अभिभावकों में बढ़ी चिंता

नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद देशभर के लाखों छात्रों और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। हालांकि एनटीए का कहना है कि यह फैसला छात्रों के हित और राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए लिया गया है

Exit mobile version