Bihar: बीजेपी विधायक रंजन कुमार को एके-47 से जान मारने की धमकी, एफआईआर की मांग

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर से बीजेपी विधायक रंजन कुमार को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। नगर विधायक ने इस संबंध में मिठनपुरा थाना में आवेदन देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। विधायक का आरोप है कि सोशल मीडिया पर उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से भ्रामक पोस्ट साझा किए गए और विरोध करने पर उन्हें एके -47 से मारने की धमकी दी गई।

विधायक ने दो लोगों को बनाया आरोपी

भाजपा विधायक रंजन कुमार ने कन्हौली निवासी मुकुंद कुमार और पताही के एक युवक को आरोपी बनाया है। पुलिस को दिए आवेदन में विधायक ने कहा कि मुकुंद कुमार लगातार सोशल मीडिया पर मुजफ्फरपुर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट साझा कर रहा था।विधायक के अनुसार आरोपी ने उनकी तस्वीर का गलत इस्तेमाल कर उनकी राजनीतिक छवि खराब करने की कोशिश की।

बातचीत के दौरान मारपीट और धमकी का आरोप

विधायक ने बताया कि मामले को लेकर बातचीत करने के लिए वह अपने समर्थकों और स्थानीय लोगों के साथ आरोपी के घर पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपी उग्र हो गया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा।शिकायत में विधायक ने कहा कि आरोपी ने खुद को अपराधी बताते हुए दावा किया कि वह पहले भी एके -47 रखने के मामले में जेल जा चुका है और उसी हथियार से सबको “भून देने” की धमकी दी।

सोशल मीडिया अकाउंट की जांच की मांग

भाजपा विधायक ने पुलिस प्रशासन से संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की जांच कराने और आईटी एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने शिकायत की प्रतिलिपि मुजफ्फरपुर एसएसपी और साइबर थाना को भी भेजी है।

पुलिस ने जांच शुरू की

मिठनपुरा थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई शिकायत

इस मामले में दूसरे पक्ष की ओर से भी शिकायत दर्ज कराई गई है। आरोपी मुकुंद कुमार ने विधायक और उनके समर्थकों पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है।पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version