Jharkhand: हजारीबाग की दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत, 13 घायल

हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण स्थित दनुआ घाटी में सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 13 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में तीन की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

शव लेकर वाराणसी जा रहे लोगों के वाहन को टैंकर ने मारी टक्कर

मिली जानकारी के अनुसार, अटका-बगोदर से कुछ लोग एक शव लेकर वाराणसी जा रहे थे। इसी दौरान दनुआ घाटी में पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार टैंकर ने यात्रियों से भरे सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई।प्रारंभिक जानकारी में सवारी वाहन में 10 से 12 लोगों के सवार होने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में पता चला कि वाहन में कुल 18 लोग सवार थे।

13 घायलों को एसबीएमसीएच किया गया रेफर

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दुर्घटना में घायल सभी 13 लोगों को बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसबीएमसीएच), हजारीबाग रेफर किया गया है। इनमें तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पांच लोगों की मौत की पुष्टि, बढ़ सकता है मृतकों का आंकड़ा

फिलहाल हादसे में पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। गंभीर रूप से घायल लोगों को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है।

Exit mobile version