जमशेदपुर: पारडीह चौक के पास सोमवार तड़के पुआल लदे एक पिकअप वैन में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी गाड़ी धू-धू कर जलने लगी और देखते ही देखते वाहन जलकर राख हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप वैन में पुआल लदा हुआ था। इसी दौरान किसी युवक द्वारा पटाखा या रॉकेट चलाया गया, जिसके पुआल पर गिरने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास खड़ी गाड़ी को भी अपनी चपेट में ले लिया।
चालक ने गाड़ी हटाने की कोशिश की, लेकिन आग फैलती गई
गाड़ी में आग लगते ही चालक ने वाहन को वहां से आगे ले जाने की कोशिश की। हालांकि, हवा और गाड़ी की गति के कारण आग और तेजी से फैलने लगी। कुछ दूरी पर चालक ने वाहन रोक दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
दमकल विभाग पर देरी से पहुंचने का आरोप
घटना की सूचना तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल विभाग की टीम करीब एक घंटे की देरी से घटनास्थल पर पहुंची। तब तक आग पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले चुकी थी और वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया था।फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
