पटना: पटना में शुक्रवार को बिहार लोक सेवा आयोग की शिक्षक भर्ती परीक्षा टीआरई-4 का नोटिफिकेशन जारी नहीं होने से नाराज अभ्यर्थियों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा।बड़ी संख्या में शिक्षक अभ्यर्थियों ने पटना कॉलेज से विरोध मार्च निकाला और सरकार व बीपीएससी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच झड़प हो गई, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे थे प्रदर्शनकारी
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थी मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करना चाहते थे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी, लेकिन छात्रों ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की।स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया।
“भर्ती में देरी से खत्म हो जाएगी उम्र सीमा”
अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से टीआरई-4 भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है।प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि लगातार हो रही देरी के कारण हजारों उम्मीदवारों की उम्र सीमा समाप्त होने की स्थिति में पहुंच गई है, जिससे अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी है।
शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी ने दिया आश्वासन
प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए मिथलेश तिवारी ने कहा कि सरकार अभ्यर्थियों की समस्याओं को गंभीरता से ले रही है।उन्होंने कहा, “हम विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और छात्रों की समस्याओं पर विचार करेंगे। हर समस्या का समाधान होगा और आज होगा। संवाद से विवाद का हल निकाला जाएगा।”उन्होंने अभ्यर्थियों से आंदोलन के बजाय बातचीत का रास्ता अपनाने की अपील भी की।
सोशल मीडिया पर चला था #Release_TRE4_Notification अभियान
इससे पहले अभ्यर्थियों ने सोशल मीडिया पर #Release_TRE4_Notification अभियान चलाकर सरकार और बीपीएससी तक अपनी मांग पहुंचाने की कोशिश की थी।शिक्षा विभाग ने पहले कहा था कि टीआरई-4 का नोटिफिकेशन 19-20 अप्रैल तक जारी कर दिया जाएगा और 26 अप्रैल से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी, लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी विज्ञापन जारी नहीं किया गया।
46 हजार से ज्यादा पदों पर होनी है भर्ती
जानकारी के अनुसार टीआरई के तहत कुल 46,882 पदों पर शिक्षकों की भर्ती की जानी है। लाखों अभ्यर्थी पिछले दो वर्षों से इस भर्ती प्रक्रिया का इंतजार कर रहे हैं।अभ्यर्थियों का कहना है कि बीपीएससी कैलेंडर के अनुसार परीक्षा 24 अगस्त 2024 को होनी थी और परिणाम 24 सितंबर 2024 तक जारी किया जाना था, लेकिन अब तक भर्ती विज्ञापन भी जारी नहीं हुआ है।
