जबलपुर : मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित प्रसिद्ध बरगी बांध में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। अचानक आए तेज आंधी-तूफान के कारण सैलानियों से भरा एक क्रूज असंतुलित होकर गहरे पानी में डूब गया। इस हादसे के वक्त क्रूज पर करीब 40 लोग सवार थे।
मौत बनकर आया अचानक उठा तूफान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब क्रूज बांध के बीचों-बीच था, तभी अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ तूफान शुरू हो गया। लहरों के उछाल और हवा के भारी दबाव के कारण क्रूज अपना संतुलन खो बैठा और देखते ही देखते पानी में समा गया। हादसा होते ही मौके पर कोहराम मच गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद नाविक और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े।
रेस्क्यू अपडेट: 4 शव बरामद, 15 सुरक्षित
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। रेस्क्यू टीम ने अब तक 4 शवों को बाहर निकाल लिया है।लगभग 15 यात्रियों को स्थानीय लोगों और राहत दल की मदद से सुरक्षित बचा लिया गया है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। अभी भी कई लोगों के लापता होने की आशंका है, जिनकी तलाश में गोताखोर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
प्रशासन की कार्रवाई और चुनौतियां
जबलपुर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर मौजूद हैं और बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। हालांकि, रुक-रुक कर हो रही बारिश और हवाओं के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।यह जांच की जा रही है कि क्या क्रूज पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे और क्या यात्रियों ने लाइफ जैकेट पहनी थी।अंधेरा बढ़ने के कारण प्रशासन ने बड़ी सर्च लाइटों की व्यवस्था की है ताकि रात में भी गोताखोर अपना काम जारी रख सकें।
शोक की लहर
इस दर्दनाक हादसे की खबर फैलते ही पूरे जबलपुर और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई है। बांध किनारे बड़ी संख्या में परिजनों की भीड़ जमा हो गई है, जो अपने अपनों की सलामती की दुआ कर रहे हैं।
