खगड़िया : जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र अंतर्गत गौछारी NH-31 पर गुरुवार सुबह एक अनियंत्रित हाइवा पलटने से बड़ा हादसा हो गया। गिट्टी से लदे इस भारी वाहन के नीचे एक ऑटो रिक्शा दब गया, जिसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही दम घुटने और दबने से मौत हो गई।
कैसे हुआ हादसा?
हादसा सुबह उस वक्त हुआ जब गिट्टी से लदा एक तेज रफ्तार हाइवा अनियंत्रित होकर बगल से गुजर रहे ऑटो पर पलट गया। ट्रक पर लदी भारी मात्रा में गिट्टी ऑटो के ऊपर गिर गई, जिससे उसमें सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिला। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर पहुंचे ट्रैफिक डीएसपी त्रिलोकीनाथ निशा और थानाध्यक्ष मिथलेश कुमार ने जेसीबी की मदद से करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला।
मृतकों की पहचान: ड्यूटी पर लौट रहे थे जवान
हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान गोगरी प्रखंड के बड़ी मलिया गांव के रूप में हुई है जिसमे दयानंद चौरसिया के पुत्र विपीन कुमार (45 वर्ष), जो सीआईएसएफ में कार्यरत थे। विपीन कुमार की पत्नी दीपमाला कुमारी (28 वर्ष) और टंकेश कुमार (32 वर्ष) ऑटो चालक, जो दिशा मुनि का पुत्र था।बताया गया कि विपीन चौरसिया दो दिन पहले ही छुट्टी पर घर आए थे। गुरुवार सुबह वह अपनी पत्नी के साथ मानसी रेलवे जंक्शन जा रहे थे ताकि अपनी ड्यूटी पर लौट सकें, लेकिन रास्ते में ही काल ने उन्हें घेर लिया।
प्रशासन की कार्रवाई
महेशखूंट पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। खनन और परिवहन विभाग के अधिकारी भी ओवरलोडिंग और तकनीकी त्रुटियों की जांच कर रहे हैं।ट्रक का चालक और मालिक फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।शवों का खगड़िया सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया है।
परिजनों में कोहराम
घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। विपीन की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने NH-31 पर भारी वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार और ओवरलोडिंग पर लगाम लगाने की मांग की है।
