Jharkhand: बिरसा मुंडा स्टेडियम में आधुनिक खेल सुविधाओं का आगाज, डीसी ने किया टेनिस व बास्केटबॉल कोर्ट का उद्घाटन

सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के खेल इतिहास में गुरुवार का दिन एक मील का पत्थर साबित हुआ। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने बिरसा मुंडा स्टेडियम परिसर में नवनिर्मित टेनिस कोर्ट, बास्केटबॉल कोर्ट और वॉलीबॉल कोर्ट का विधिवत उद्घाटन किया। इसके साथ ही, जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों को खेल उपकरण मुहैया कराने के लिए “खेल बैंक” की एक अनूठी पहल भी शुरू की गई।

खिलाड़ियों के लिए वरदान साबित होगा ‘खेल बैंक’

उपायुक्त ने बताया कि अक्सर संसाधनों और महंगे उपकरणों के अभाव में ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं दबकर रह जाती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए “खेल बैंक” स्थापित किया गया है।खेल के प्रति रुचि रखने वाले युवाओं को अभ्यास के लिए आवश्यक उपकरण सुलभ कराना।स्थानीय युवा अब नियमित अभ्यास के लिए यहां से खेल सामग्री प्राप्त कर सकेंगे, जिससे उन्हें जिला और राज्य स्तर पर प्रदर्शन सुधारने में मदद मिलेगी।”खेल बैंक” के लिए आवश्यक सामग्री टीएसएफ द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व मद के अंतर्गत उपलब्ध कराई गई है।

13 होनहार खिलाड़ी सम्मानित

इस खास अवसर पर उन खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का मान बढ़ाया है। कुल 13 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को उपायुक्त और नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा सम्मानित किया गया। सभी सम्मानित खिलाड़ियों को “खेल बैंक” की ओर से ट्रैकसूट और जूते प्रदान किए गए।अधिकारियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें और कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

गरिमामयी उपस्थिति

उद्घाटन समारोह के दौरान जिले के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और खेल जगत की हस्तियां मौजूद रहीं जिसमे नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज चौधरी,जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार,जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार और विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि और टाटा स्टील फाउंडेशन के पदाधिकारी।

Exit mobile version