Bihar: रोहतास के सरकारी स्कूल में ‘प्रतिबंधित मांस’ मिलने की खबर से बवाल, 5 शिक्षक सस्पेंड

रोहतास: बिहार के रोहतास जिले के राजपुर प्रखंड स्थित रामुडीह उर्दू मध्य विद्यालय में प्रतिबंधित मांस मिलने की सूचना के बाद बुधवार को भारी हंगामा हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में पहुंचकर शिक्षकों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई।स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन कई थानों की पुलिस को मौके पर तैनात कर दिया।

वायरल वीडियो के बाद बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, विद्यालय में शिक्षकों द्वारा प्रतिबंधित मांस लाने की सूचना फैलने के बाद ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि इस संबंध में एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसके बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। हालांकि द इनफेक्ट न्यूज़ वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

5 शिक्षकों को किया गया निलंबित

घटना के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) मदन राय ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विद्यालय के पांच शिक्षकों को निलंबित कर दिया। निलंबित शिक्षकों में प्रभारी प्रधानाध्यापक अख्तर अली, शिक्षक इमरान, सुफिया खातून, हिना कौसर और विशिष्ट शिक्षक अनवर खान शामिल हैं।निलंबित शिक्षकों का मुख्यालय अलग-अलग प्रखंड संसाधन केंद्रों में निर्धारित किया गया है।

डीएम-एसपी पहुंचे, फॉरेंसिक जांच के आदेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले की डीएम उदिता सिंह और एसपी रौशन कुमार भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेते हुए कहा कि बरामद मांस को फॉरेंसिक जांच (एफएसएल) के लिए भेजा गया है।एसपी ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मांस प्रतिबंधित था या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था

प्रशासन ने विद्यालय में पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए अन्य स्कूलों से पांच शिक्षकों की वैकल्पिक तैनाती की है। साथ ही दो अन्य शिक्षकों को प्रशासनिक कारणों से दूसरे विद्यालय में प्रतिनियुक्त किया गया है।फिलहाल पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

Exit mobile version