पटना: बिहार की राजनीति में मचे घमासान के बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के मुखिया और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बड़ा बयान दिया है। नई दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए चिराग ने स्पष्ट कर दिया है कि वे मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल नहीं हैं। इसके साथ ही उन्होंने आगामी एनडीए सरकार के स्वरूप को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है।
“मैं सीएम की रेस में नहीं”: चिराग पासवान
चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री पद की दावेदारी की अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा “मैं कई बार कह चुका हूं कि चिराग पासवान मुख्यमंत्री पद की दावेदारी में कहीं भी नहीं है।”चिराग ने कहा कि बिहार की कमान संभालने वाला जो भी नया चेहरा होगा, वह नीतीश कुमार के अनुभव, मार्गदर्शन और एनडीए के सभी विधायकों को साथ लेकर चलने वाला होगा।
सरकार का स्वरूप: चेहरा बदलेगा, ढांचा वही रहेगा
नई सरकार के मंत्रिमंडल को लेकर चिराग ने ‘अपडेट’ देते हुए बताया कि सरकार के बुनियादी स्वरूप में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। नई सरकार में केवल मुख्यमंत्री का चेहरा बदलेगा।मंत्रिमंडल का वही स्वरूप रहेगा जो कुछ महीने पहले गठित हुआ था। हालांकि, उन्होंने संकेत दिया कि कुछ पुराने मंत्रियों की जगह नए चेहरों को कैबिनेट में जगह मिल सकती है। विपक्ष द्वारा एनडीए में खटास के दावों को खारिज करते हुए चिराग ने कहा कि गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और यह केवल विपक्ष की मनगढ़ंत सोच है।
नीतीश कुमार का इस्तीफा जल्द, बीजेपी का सीएम तय
बिहार की सत्ता के गलियारों से मिल रही खबरों के अनुसार, राज्य में सत्ता हस्तांतरण की तैयारी पूरी हो चुकी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब राज्यसभा सांसद बन चुके हैं, जिसके बाद उनका इस्तीफा देना तय है। सूत्रों के अनुसार, बिहार का अगला मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी से होगा। हालांकि, पार्टी ने अभी तक किसी नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। खरमास खत्म होते ही 15 अप्रैल को बिहार के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह होने की प्रबल संभावना है।
