जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र के बालीगुमा स्थित नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को एक मामूली विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया। शादी समारोह में जा रहे एक परिवार से दो युवकों ने लिफ्ट मांगी, लेकिन मना करने पर वे इतने उग्र हो गए कि उन्होंने कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
शादी की खुशियां बदलीं हंगामे में
जानकारी के अनुसार, आजाद नगर थाना क्षेत्र के चेपापुल निवासी एक परिवार कार और बस से धालभूमगढ़ एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। बालीगुमा स्थित पेट्रोल पंप के पास दो युवकों ने बस को रोककर लिफ्ट की मांग की। बस में सवार लोगों ने जब बताया कि वे निजी कार्यक्रम (शादी) में जा रहे हैं और लिफ्ट नहीं दे सकते, तो युवक भड़क गए। बस के ठीक पीछे परिवार की कार खड़ी थी, जिसमें महिलाएं और बच्चे भी सवार थे। लिफ्ट न मिलने से नाराज नशे में धुत युवकों ने अचानक कार पर हमला बोल दिया और पत्थरों व डंडों से कार के शीशे तोड़ डाले। विरोध करने पर उन्होंने परिवार के साथ मारपीट भी की, जिससे कुछ लोगों को चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों ने आरोपियों को पकड़कर पुलिस को सौंपा
घटना के वक्त मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए दोनों हमलावर युवकों को घेर लिया और उनकी जमकर धुनाई करने के बाद एमजीएम थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। बताया जा रहा है कि मारपीट करने वाले दोनों युवक स्थानीय निवासी हैं और घटना के वक्त नशे की हालत में थे।
थाने में भारी हंगामा, कड़ी कार्रवाई की मांग
घटना के बाद पीड़ित परिवार काफी डरा और सहमा हुआ नजर आया। आक्रोशित परिजनों ने पहले घटनास्थल और बाद में एमजीएम थाना पहुँचकर जमकर हंगामा किया। परिवार का कहना है कि बीच सड़क पर महिलाओं और बच्चों के साथ इस तरह की गुंडागर्दी सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करती है।
पुलिस की कार्रवाई
एमजीएम थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने पीड़ित परिवार से लिखित शिकायत ली है और आश्वासन दिया है कि कानून हाथ में लेने वाले नशेड़ियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।
