पटना : पटना साइबर थाना पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बेयूर थाना क्षेत्र के 70 फीट इलाके में स्थित एक अपार्टमेंट में छापेमारी कर इन आरोपियों को पकड़ा। यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ‘धनी एप’ और ‘प्लेबॉय जॉब’ के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। ये लोग व्हाट्सएप पर एपीके फाइल भेजकर लोन दिलाने या प्लेबॉय का काम दिलाने का झांसा देते थे और फिर लोगों के बैंक खातों से पैसे निकाल लेते थे।
9 राज्यों में फैला था साइबर ठगी का नेटवर्क
पुलिस के अनुसार यह गिरोह केवल बिहार ही नहीं बल्कि देश के करीब 9 राज्यों में सक्रिय था और कई लोगों को ठगी का शिकार बना चुका है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने इनके पास से 11 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया, जिनका इस्तेमाल साइबर ठगी के नेटवर्क को संचालित करने में किया जा रहा था।
तीन आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की कुमार (28 वर्ष),सुमन राज (22 वर्ष) और गुलशन कुमार (23 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस की अपील – अनजान ऐप और लोन ऑफर से रहें सावधान
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान ऐप, एपीके फाइल या लोन ऑफर पर भरोसा न करें। यदि किसी को साइबर ठगी का सामना करना पड़े तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर या नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पर शिकायत दर्ज कराएं।
