Bihar: बिहार में भ्रष्टाचार और अपराध पर सख्त डीजीपी विनय कुमार, एसडीपीओ निलंबित

पटना: बिहार में कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर पुलिस मुख्यालय ने सख्त रुख अपनाया है। डीजीपी विनय कुमार ने कई अहम मामलों पर बयान देते हुए साफ कर दिया कि राज्य में भ्रष्टाचार, अवैध गतिविधियों और लापरवाही को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने एसडपीओ गौतम कुमार के निलंबन, मोतिहारी जहरीली शराब कांड और ओसामा साहेब पर दर्ज मामले को लेकर विस्तार से जानकारी दी।
एसडपीओ गौतम कुमार के निलंबन पर डीजीपी का बयान
डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि एसडपीओ गौतम कुमार के खिलाफ कार्रवाई पुख्ता सबूतों के आधार पर की गई है। आर्थिक अपराध इकाई की जांच में उनके खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़े आरोप सामने आए, जिसके बाद विभाग ने उसी दिन निलंबन की प्रक्रिया पूरी कर दी।उन्होंने यह भी संकेत दिया कि जांच में और तथ्य सामने आने पर आगे और कड़ी कार्रवाई भी की जा सकती है।
मोतिहारी जहरीली शराब कांड पर एसआईटी जांच
मोतिहारी में हुए जहरीली शराब कांड को डीजीपी ने बेहद दुखद घटना बताया। उन्होंने कहा कि इस मामले में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल का गठन किया गया है। जांच के दौरान शराब में मेथेनॉल की मौजूदगी पाई गई है, जो बेहद खतरनाक रसायन होता है।डीजीपी ने कहा कि अगर यह शराब पूरी तरह बाजार में खप जाती तो घटना और भी भयावह हो सकती थी।
ओसामा साहेब पर हत्या के प्रयास का मामला
पूर्व बाहुबली सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे और तेजस्वी यादव के विधायक ओसामा साहेब के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।डीजीपी ने पुष्टि की कि ओसामा साहेब के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और किसी भी व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा।



