Jharkhand: बर्मामाइंस के लकड़ी गोदाम में तड़के लगी भीषण आग, टाटा स्टील और दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू

जमशेदपुर : लौहनगरी के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत मिल एंड गोदाम एरिया में मंगलवार तड़के एक लकड़ी के गोदाम में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना सुबह करीब 4:00 बजे की है, जब पूरा इलाका गहरी नींद में था। धुएं के गुबार और उठती लपटों ने आसपास के रिहायशी और औद्योगिक क्षेत्र में दहशत पैदा कर दी।

गार्ड की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, यह गोदाम इम्तियाज़ खान का बताया जा रहा है। तड़के करीब 4 बजे ड्यूटी पर तैनात गार्ड की नजर अचानक गोदाम से उठती आग की लपटों पर पड़ी। उसने बिना देरी किए तुरंत मालिक और अन्य संबंधित लोगों को फोन पर इसकी सूचना दी।सूचना मिलते ही गोदाम से जुड़े लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन सूखी लकड़ियों के कारण आग तेजी से फैल चुकी थी और स्थानीय स्तर पर इस पर काबू पाना नामुमकिन हो रहा था।

टाटा स्टील और झारखंड अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई

आग की भयावहता को देखते हुए तत्काल दमकल विभाग को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही टाटा स्टील की फायर ब्रिगेड और झारखंड अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।गनीमत रही कि आग केवल लकड़ी के बोटों (लॉग्स) तक ही सीमित रही। गोदाम के भीतर मौजूद कीमती मशीनों को आग की लपटें अपनी चपेट में नहीं ले पाईं, जिससे एक बहुत बड़ा आर्थिक नुकसान होने से बच गया। काफी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

कोई जनहानि नहीं, नुकसान का आकलन जारी

मौके पर मौजूद अनिकेत ने बताया कि उनके गोदाम के इतिहास में इस तरह की यह पहली घटना है।इस अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि या चोट लगने की सूचना नहीं है।फिलहाल आग लगने के कारणों (शॉर्ट सर्किट या अन्य) का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रबंधन और प्रशासन द्वारा कुल हुए आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Exit mobile version