सहारनपुर। सहारनपुर जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के आमवाला गांव में शनिवार सुबह शराब के ठेके को हटाने की मांग को लेकर महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। विरोध कर रही महिलाओं ने सीधे देसी शराब के ठेके पर पहुंचकर वहां रखी शराब की पेटियों को बाहर निकालकर सड़क पर फेंक दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
नारेबाजी करते हुए ठेके तक पहुंचीं महिलाएं
बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में महिलाएं नारेबाजी करते हुए ठेके तक पहुंचीं। इसके बाद उन्होंने वहां रखी शराब की पेटियों को एक-एक कर बाहर निकालकर सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में सड़क पर शराब की बोतलें और पाउच बिखर गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
‘गांव का माहौल खराब हो रहा’
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि गांव के बीचो-बीच खुले इस ठेके से सामाजिक माहौल खराब हो रहा है। उनका आरोप है कि पुरुषों की कमाई का बड़ा हिस्सा शराब में खर्च हो रहा है, जिससे परिवारों में झगड़े, मारपीट और गाली-गलौज जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं।
‘बच्चे भी नशे की चपेट में आ रहे’
महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि अब छोटे बच्चे भी नशे की चपेट में आने लगे हैं। उनका कहना है कि इस मुद्दे को लेकर कई बार प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार अनदेखी के बाद उन्हें मजबूर होकर यह कदम उठाना पड़ा।
ठेका नहीं हटा तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द शराब का ठेका नहीं हटाया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। महिलाओं का आरोप है कि पहले किए गए शांतिपूर्ण प्रदर्शनों के दौरान पुलिस ने उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की थी, जिससे उनका आक्रोश और बढ़ गया।
पुलिस पहुंची मौके पर, स्थिति तनावपूर्ण
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने की कोशिश की। फिलहाल किसी बड़ी झड़प की सूचना नहीं है, लेकिन गांव में स्थिति अभी भी तनावपूर्ण बनी हुई है।
