Jharkhand: झारखंड आदिवासी महोत्सव 2026 को भव्य बनाने की तैयारी, उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने की समीक्षा बैठक

कोडरमा : झारखंड आदिवासी महोत्सव 2026 के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक कर आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, आयोजन स्थल की तैयारी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, अतिथियों के स्वागत, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और प्रचार-प्रसार सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
समय पर पूरी हों सभी तैयारियां : उपायुक्त
उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करें। उन्होंने कहा कि झारखंड आदिवासी महोत्सव राज्य की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपरा, लोककला, नृत्य और विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच है।उन्होंने सभी अधिकारियों से अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन सुनिश्चित करने को कहा ताकि आयोजन पूरी तरह व्यवस्थित और सफल हो सके।
बैठक में कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी सौमित्र शुक्ला, उप विकास आयुक्त रवि जैन, अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन, जिला कल्याण पदाधिकारी प्रकाश बैठा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कनक कुमारी तिर्की, जिला योजना पदाधिकारी अनूप कुजूर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जनजातीय संस्कृति को मिलेगा नया मंच
प्रशासन का उद्देश्य महोत्सव के माध्यम से झारखंड की जनजातीय कला, संस्कृति, पारंपरिक नृत्य, लोक संगीत, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाना है। इसके लिए आयोजन को आकर्षक, सुव्यवस्थित और जनभागीदारी से सफल बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।



