Bihar: गैस की किल्लत और महंगाई के खिलाफ राजद महिला प्रकोष्ठ का प्रदर्शन, मोदी-नीतीश का पुतला दहन

पटना: राजधानी पटना में रसोई गैस की किल्लत, कालाबाजारी और बढ़ती कीमतों के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल के महिला प्रकोष्ठ ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

राजद कार्यालय से निकला विरोध मार्च

जानकारी के अनुसार बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के राज्य कार्यालय से प्रदर्शनकारियों ने जुलूस की शुरुआत की। यह जुलूस वीरचंद पटेल पथ होते हुए आयकर गोलंबर तक पहुंचा। यहां घरेलू और कमर्शियल गैस की कमी, कीमतों में बढ़ोतरी, कालाबाजारी और सरकार की कथित जन विरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया।

सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी

प्रदर्शन के दौरान राजद महिला प्रकोष्ठ, पटना जिला, महानगर और छात्र राजद के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और गैस की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र और राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया।

कई नेताओं ने लिया भाग

इस विरोध प्रदर्शन में डॉ. कांति सिंह, रणविजय साहू, डॉ. उर्मिला ठाकुर, एजाज अहमद और मधु मंजरी सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। नेताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई और गैस की कमी से आम जनता परेशान है और सरकार को इस पर तुरंत कदम उठाने चाहिए।

सरकार की नीतियों पर साधा निशाना

प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कहा कि गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार वृद्धि और आपूर्ति में कमी से गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार से गैस की कीमतों में कमी करने और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

Exit mobile version