Jharkhand: गम्हरिया थाने में महिला से दुष्कर्म मामले में एसपी का बड़ा एक्शन, थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी सस्पेंड; आरोपी सिपाही गिरफ्तार

आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला से दुष्कर्म के आरोप के मामले में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी मनोज स्वर्गीयारी के निर्देश पर गम्हरिया थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, आरोपित सिपाही नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।

घरेलू विवाद की शिकायत लेकर थाने पहुंची थी महिला

जानकारी के अनुसार, महिला गुरुवार को घरेलू विवाद की शिकायत लेकर गम्हरिया थाने पहुंची थी। महिला का आरोप है कि थाने में ड्यूटी पर तैनात आरक्षी नीरज लकड़ा ने उसके साथ दुष्कर्म किया। मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने इसकी जांच शुरू कर दी।

एसपी ने गठित की एसआईटी, कमरे को किया सील

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने सरायकेला के एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में एसआईटी गठित की। शुक्रवार देर रात एसडीपीओ पुलिस टीम के साथ गम्हरिया थाना पहुंचे और कथित घटनास्थल का निरीक्षण किया।साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका को रोकने के लिए संबंधित कमरे को सील कर सुरक्षित कर दिया गया। जांच दल मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों को जुटाने में लगा है।

थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित

एसपी के निर्देश पर गम्हरिया थाना प्रभारी संजय प्रसाद, सब इंस्पेक्टर मनोज साहू, अनिरुद्ध सिंह और आरक्षी संतोष राय को कथित लापरवाही एवं कर्तव्य में चूक के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।वहीं, मामले में मुख्य आरोपित बनाए गए सिपाही नीरज लकड़ा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस प्रशासन की ओर से की गई इस कार्रवाई के बाद मामले की जांच तेज कर दी गई है।

प्राथमिकी दर्ज, जांच जारी

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने देर रात ही मामले की जांच शुरू कर दी थी। एसडीपीओ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और इसके बाद शनिवार को निलंबन तथा गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।फिलहाल मामले की जांच जारी है। आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

Exit mobile version