जबलपुर।जबलपुर जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। सड़क किनारे खड़ी एक पुरानी कार में अचानक आग लगने से अंदर मौजूद एक युवक की जलकर मौत हो गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने देखा भयावह मंजर
यह घटना जबलपुर जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर सीहोरा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 3 की है।शनिवार सुबह करीब 6 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने सड़क किनारे खड़ी स्कॉर्पियो से धुआं और आग की लपटें निकलते देखीं। लोगों ने बताया कि कार के अंदर से चीखने-चिल्लाने की आवाज भी आ रही थी।स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल और पुलिस को सूचना दी, लेकिन कुछ ही देर में आग ने भीषण रूप ले लिया और पूरी कार धू-धू कर जलने लगी।
आग की चपेट में झोपड़ी और दुकान भी आई
आग इतनी तेजी से फैली कि पास में बनी एक झोपड़ी और एक छोटी दुकान भी इसकी चपेट में आ गई। इससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक स्कॉर्पियो पूरी तरह जल चुकी थी और अंदर मौजूद युवक की मौत हो चुकी थी।
स्कॉर्पियो में ही रहता था युवक
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है और पिछले 10-15 वर्षों से उसी पुरानी स्कॉर्पियो कार में रह रहा था।वह आसपास के इलाकों से कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक और पन्नियां इकट्ठा कर कार के अंदर रखता था और वहीं रहता था।बताया जा रहा है कि मच्छरों से बचने के लिए वह कार के अंदर अगरबत्ती जलाता था, जिससे आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
कूड़ा-कचरे के कारण तेजी से फैली आग
कार के अंदर बड़ी मात्रा में रखे कागज, पन्नियां और कूड़ा-कचरा बेहद ज्वलनशील थे। ऐसे में अगरबत्ती की चिंगारी से आग भड़क उठी और कुछ ही मिनटों में पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। युवक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही सीहोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला अगरबत्ती से लगी आग का प्रतीत हो रहा है। पुलिस मृतक की पहचान करने और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
