Bihar: जहानाबाद में नकली दवाओं का बड़ा भंडाफोड़, 21 लाख की दवाएं और रैपर बरामद

जहानाबाद: जिले के हुलासगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली दवाओं के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ब्रांच प्रोटेक्शन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के साथ संयुक्त अभियान चलाकर छापेमारी की, जिसमें भारी मात्रा में नकली दवाएं, विभिन्न ब्रांडों के रैपर और पैकिंग सामग्री बरामद की गई।इस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

नकली दवाओं के अवैध कारोबार की सूचना पर छापेमारी

पुलिस के अनुसार, हुलासगंज इलाके में नकली दवाओं के अवैध कारोबार की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस और ब्रांच प्रोटेक्शन सर्विसेज की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर बड़े रैकेट का खुलासा किया।छापेमारी के दौरान विभिन्न कंपनियों के नाम से तैयार किए गए नकली रैपर और दवाओं की पैकिंग सामग्री भी बरामद की गई।

21 लाख रुपये की दवाएं बरामद

छापेमारी हुलासगंज इंटर कॉलेज के पास कन्हैयागंज टोला स्थित एक जर्जर मकान में की गई। पुलिस ने बताया कि मौके से बरामद दवाओं की अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये है।फिलहाल अंजनी कुमार, जो ब्रांच प्रोटेक्शन सर्विसेज के फील्ड ऑफिसर हैं, उनकी शिकायत पर हुलासगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में दो लोगों को आरोपी बनाया गया है।

सस्ती दवा पर चढ़ाते थे बड़े ब्रांड का रैपर

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह गिरोह सस्ती और संदिग्ध दवाओं को खरीदकर उन पर नामी कंपनियों के नकली रैपर लगा देता था। इसके बाद इन्हें असली दवा बताकर मेडिकल दुकानों में सप्लाई किया जाता था।इस अवैध कारोबार से जहां लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था, वहीं दवा बाजार में भी बड़े स्तर पर फर्जीवाड़ा किया जा रहा था।

मकान मालिक से पूछताछ जारी

छापेमारी के दौरान मकान मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस रैकेट में और लोगों के शामिल होने की संभावना है और जांच जारी है।

Exit mobile version