जेरूसलम/नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय अत्यंत महत्वपूर्ण राजकीय यात्रा पर इजरायल के लिए रवाना हो गए हैं। उनकी इस यात्रा को लेकर इजरायल में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इजरायल के प्रतिष्ठित समाचार पत्र ‘जेरूसलम पोस्ट’ ने अपने फ्रंट पेज पर पीएम मोदी की तस्वीर के साथ बड़े अक्षरों में “नमस्ते मोदी” लिखकर उनका स्वागत किया है।
रणनीतिक साझेदारी को मिलेगी नई मजबूती
रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर अपनी यात्रा के उद्देश्यों को साझा किया। उन्होंने कहा भारत और इजरायल के बीच रणनीतिक साझेदारी पिछले कुछ वर्षों में बहुत गहरी हुई है।प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ द्विपक्षीय वार्ता के दौरान रक्षा, कृषि, टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, साइबर सिक्योरिटी और व्यापार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। पीएम मोदी इजरायल के राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग से भी मिलेंगे, जो दोनों देशों के बीच उच्च-स्तरीय राजनीतिक विश्वास को और प्रगाढ़ करेगा।
इजरायली संसद ‘नेसेट’ को करेंगे संबोधित
इस यात्रा का एक और बड़ा आकर्षण पीएम मोदी का इजरायल की संसद ‘नेसेट’ में संबोधन होगा। यह संबोधन भारत और इजरायल के बीच साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और मजबूत संसदीय परंपराओं का प्रतीक माना जा रहा है। इसके साथ ही पीएम मोदी वहां रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से भी संवाद करेंगे।
2017 का वो ऐतिहासिक पल: जब बना था रिकॉर्ड
प्रधानमंत्री ने अपनी 2017 की यात्रा को याद करते हुए इसे मील का पत्थर बताया। साल 2017 में नरेंद्र मोदी इजरायल की धरती पर कदम रखने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने थे। बेन गुरियन हवाई अड्डे पर उनके उतरने के साथ ही भारत-इजरायल संबंधों से हिचकिचाहट खत्म हो गई और दोनों देशों ने रक्षा और कृषि के क्षेत्र में खुलकर रणनीतिक साझेदारी शुरू की।
