Jharkhand:नगर निकाय चुनाव को लेकर पोलिंग पार्टियों रवाना,परिसर में सुबह से ही चहल-पहल

जमशेदपुर: झारखंड नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर जमशेदपुर में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। रविवार को गोलमुरी सह जुगसलाई प्रखंड परिसर स्थित डिस्पैच सेंटर से मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और चाकुलिया नगर पंचायत के लिए पोलिंग पार्टियों को विधिवत रवाना किया गया। सोमवार को होने वाले मतदान के लिए प्रशासन ने सुरक्षा और प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
डिस्पैच सेंटर पर सुबह से रही चहल-पहल
निर्वाचन कार्य को लेकर गोलमुरी डिस्पैच सेंटर पर सुबह से ही मतदान कर्मियों और सुरक्षा बलों की भारी भीड़ देखी गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) कर्ण सत्यार्थी ने स्वयं डिस्पैच सेंटर का दौरा किया।उन्होंने मतपत्रों, मतपेटिकाओं और अन्य आवश्यक चुनाव सामग्रियों के वितरण कार्य का बारीकी से जायजा लिया।
निष्पक्ष चुनाव के लिए सख्त दिशा-निर्देश
निरीक्षण के दौरान कर्ण सत्यार्थी ने अधिकारियों और मतदान कर्मियों के साथ संवाद किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के नियमों का अक्षरशः पालन किया जाए।”हमारी प्राथमिकता स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराना है। सभी पोलिंग पार्टियां अपने निर्धारित बूथों पर समय से पहुंचे और मतदान प्रक्रिया के दौरान सतर्कता बरतें।” – कर्ण सत्यार्थी, जिला निर्वाचन पदाधिकारी
चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर
डिस्पैच सेंटर से रवानगी के दौरान अधिकारियों की कड़ी निगरानी रही। पोलिंग पार्टियों को उनके आवंटित मतदान केंद्रों तक पहुँचाने के लिए वाहनों का सुव्यवस्थित बेड़ा तैनात था। प्रशासन ने भरोसा जताया है कि सभी तीनों क्षेत्रों— मानगो, जुगसलाई और चाकुलिया में शांतिपूर्ण ढंग से वोटिंग होगी।
मतदान का समय: सुबह 7:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक।संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल और वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है।


