Jharkhand: बोकारो की एलआईसी कॉलोनी में दिनदहाड़े 32 लाख की चोरी, सेक्टर-6 थाना क्षेत्र में मचा हड़कंप

बोकारो: बोकारो जिले की एलआईसी कॉलोनी में दिन के समय बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। एलआईसी कॉलोनी स्थित जीवन कुटीर परिसर के मकान नंबर E-2 को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने करीब 32 लाख रुपये मूल्य के आभूषण और 60 हजार रुपये नकद की चोरी कर ली। घटना के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था।

मथुरा गए थे परिवार, दोस्त ने खोला राज

मकान मालिक मनीष सहाय, जो एलआईसी अधिकारी हैं, 12 फरवरी को पत्नी के साथ मथुरा गए हुए थे। चोरी का खुलासा तब हुआ जब एक पारिवारिक मित्र शादी का निमंत्रण देने घर पहुंचे। उन्होंने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखा और तुरंत परिवार को सूचना दी।परिजन लौटे तो पाया कि अलमारी से गहने और नकदी गायब हैं, जबकि घर के अन्य सामान को हाथ नहीं लगाया गया था।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

परिवार की बेटी अंजलि ने बताया कि कॉलोनी में सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं और एंट्री रजिस्टर भी मेंटेन किया जाता है। इसके बावजूद इतनी बड़ी चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही सेक्टर-6 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।पुलिस ने फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

Exit mobile version