Uttar Pradesh: पटाखों से दहला घर, महिला की मौत समेत 3 घायल

रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के सलोन कोतवाली क्षेत्र में बीती रात एक भयानक विस्फोट से पूरा इलाका दहल उठा। साहबगंज बाजार में एक आतिशबाज के घर में रखे पटाखों में अचानक हुए धमाके ने इतना विकराल रूप ले लिया कि पास रखे गैस सिलेंडर भी फट गए। इस हादसे में एक बुजुर्ग महिला की जान चली गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हैं।

धमाके से उड़े मकान के परखच्चे

जानकारी के अनुसार, साहबगंज बाजार निवासी आतिशबाज फिरोज अहमद के मकान में पटाखों का भंडारण था। बीती रात अचानक हुए विस्फोट के बाद एक के बाद एक कई धमाके हुए। धमाका इतना जोरदार था कि दो मंजिला मकान ताश के पत्तों की तरह ढह गया और आसपास के करीब आधा दर्जन से अधिक घरों में दरारें आ गईं या वे क्षतिग्रस्त हो गए।इस हृदयविदारक घटना में मलबे में दबने और झुलसने के कारण परिवार के सदस्य बुरी तरह प्रभावित हुए जिसमे 60 वर्षीय अख्तरी (पत्नी यूनुस) की इलाज के दौरान मौत हो गई। 65 वर्षीय यूनुस, 35 वर्षीय रूबी बानो और 15 वर्षीय लकी गंभीर रूप से घायल हैं।
सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

प्रशासनिक अमला और राहत कार्य

घटना की सूचना मिलते ही तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मौके पर उप जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश, तहसीलदार दीपिका सिंह और क्षेत्राधिकारी यादवेंद्र बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस मलबे को हटाकर यह सुनिश्चित कर रही है कि कहीं और विस्फोटक तो नहीं दबे हैं।फॉरेंसिक टीम और पुलिस ने आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए हैं।

अवैध भंडारण पर उठ रहे सवाल

जिस घर में विस्फोट हुआ, वहां बड़े पैमाने पर पटाखे रखे होने की बात सामने आ रही है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि रिहायशी इलाके में इतने विस्फोटक रखने के लिए लाइसेंस था या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घायलों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version